
– विधानसभा की कृषि विकास समिति ने ली कृषि एवं सम्बद्ध विभागों की समीक्षा बैठक
सतना, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश विधानसभा की कृषि विकास समिति के सभापति दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार विभिन्न कृषि विकास तथा किसान कल्याण योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय निरंतर बढाने का प्रयास कर रही है। प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा फसल विविधीकरण के नवाचार करते हुए किसानों की आय बढाने के प्रयास किये जाये।
परिहार शनिवार को चित्रकूट के ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सभागार में सतना जिले की कृषि विकास परियोजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। सतना जिले के दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंची विधानसभा की कृषि विकास समिति में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भैरव सिंह बापू, नरेन्द्र प्रजापति सदस्य, स्थानीय विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, समिति के सचिव अरविन्द शर्मा, सूचना अधिकारी महावीर सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, डीएफओ मयंक चांदीवाल, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम नागौद जीतेन्द्र वर्मा, संयुक्त संचालक कृषि जेएस नेताम, उप संचालक सतना आशीष पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि विकास समिति के सभापति दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि देश की आजीविका का प्रमुख आधार खेती है। किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। कृषि के क्षेत्र में बिजली, पानी, खाद-बीज की सभी जरूरतें सरकार पूरी कर रही है। समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज भी खरीदने का काम सरकार कर रही है। विधानसभा की कृषि विकास समिति किसानों के हित सहित सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश लगातार फसलों के उत्पादन में कृषि कर्मण एवार्ड हासिल कर रहा है। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढावा दिया जाये।
सभापति ने कहा कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता का खाद-बीज और कीटनाशक मुहैया हो सके। इसके लिए खाद-बीज कीटनाशक की मिलावट अथवा कालाबाजारी की शिकायतों पर कडी कार्यवाही की जाये। उप संचालक कृषि आशीष पाण्डेय ने बताया कि सतना जिले में खरीफ में 2 लाख 9 हजार और रबी में 2 लाख 62 हजार हेक्टेयर में फसल ली जाती है। धान और गेहूं जिले की मुख्य फसलें है। जिले में नवाचारों के तहत कृषि विभाग के तकनीक हस्तांतरण से वर्ष 2024 में धान का औसत उत्पादन 43.65 कि्ंवटल प्रति हेक्टेयर रहा जो म.प्र. राज्य के औसत 35.15 क्विंवटल और राष्ट्रीय औसत 27.80 क्विंवटल प्रति हेक्टेयर से कही अधिक रहा है। सतना जिले के किसान बाबूलाल दाहिया को जैव विविधता पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। इनके निज प्रयासों से लगभग 250 किस्में धान और गेहूं की संरक्षित संर्वधित की जा रही है। सतना जिले में नरवाई प्रबंधन के लिए हैपीसीडर और सुपर सीडर कृषि यंत्रों को किसानों के बीच वितरण का अच्छा काम हुआ है। जिले में रबी और खरीफ मिलाकर 1 लाख 30 हजार 863 किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया गया है।
सहायक उद्यानिकी संचालक अनिल सिंह ने बताया कि राज्य पोषित योजना पीएम केएसवाय तथा पीएमएफएमई में वर्ष 2024-25 के सभी लक्ष्य पूरे किये गये हैं। सदस्यों ने कहा कि उद्यानिकी में मसालों की खेती के लिए किसानों को जोडने प्रचार-प्रसार किया जाये। सभापति परिहार ने उद्यानिकी विभाग द्वारा मैहर में किसानों के यहां लगाए गए पौधरोपण और नर्सरी विकास के कार्यो का सत्यापन समिति गठित कर किये जाने के निर्देश दिये। उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. वंदना जैन ने बताया कि दुग्ध उत्पादन की योजनाओं में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। सभापति ने कहा कि विभागीय कार्यक्रमों एवं प्रशिक्षण में क्षेत्रीय विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ली जाये।
वन मंडलाधिकारी मयंक चांदीवाल ने बताया कि गत तीन वर्षों में निजी भूमि में पौध रोपण करने पर 284 किसानों द्वारा 1 लाख 92 हजार 930 पौधे रोपित किये गये। जिन्हें 93 लाख 86 हजार रूपये का अनुदान योजना के तहत दिया गया। सतना जिले में चालू सत्र में 17 लाख पौधों का रोपण किया गया है। अधीक्षण यंत्री विद्युत पीके मिश्रा ने बताया कि कृषि कार्य हेतु जिले में 53 फीडरों पर 10 घंटे सिंचाई की बिजली प्रदाय की जा रही है।
कार्यपालन यंत्री जल संसाधन आरके वर्मा ने बताया कि जिले में कोलगढी और भैंसवार बांध 2 मध्यम सिंचाई योजना तथा 57 लघु सिंचाई परियोजना निर्मित है। जिले में दौरी सागर झगरहा बांध, पाथरकछार बांध, भैंसवार फीडर बांध और सतधारा बैराज की 259 करोड की 5 योजनायें निर्माणाधीन है। जिनकें माध्यम से 8650 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। सभापति ने अक्षय ऊर्जा और नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र को बढावा देकर सोलर एनर्जी उत्पादन तथा कुसुम योजना का लाभ भी किसानों को देने के निर्देश दिये।
बैठक के अंत में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा की कृषि विकास समिति की बैठक के सुझाव और निर्देशों पर गंभीरतापूर्वक क्रियान्वित कर जिले में कृषि विकास और किसान कल्याण के कार्य किये जायेंगे।
(Udaipur Kiran) तोमर
