Haryana

हिसार : सत्तापक्ष का कानून व्यवस्था पर कांग्रेस शासन का उदाहरण देना गलत : वजीर पूनिया

कांग्रेस नेता वजीर सिंह पूनिया

हिसार, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । वरिष्ठ कांग्रेस नेता वजीर सिंह पूनिया ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस शासन का उदाहरण देने पर सत्तापक्ष की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन जैसी कानून व्यवस्था नायब सैनी सरकार कर दे तो काफी ठीक है, लेकिन वर्तमान में तो कानून व्यवस्था है ही नहीं।वजीर सिंह पूनिया ने शनिवार काे कहा कि हरियाणा विधानसभा में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा से भागकर सरकार ने अपनी विफलता दर्शाई है। यही नहीं, सत्तापक्ष ने कांग्रेस शासन की कानून व्यवस्था को खराब बताकर कांग्रेस की आलोचना की है, लेकिन ऐसी बात करने से पहले सत्तापक्ष को कांग्रेस शासन के समय की कानून व्यवस्था पर गौर कर लेना चाहिए। कांग्रेस शासन में अपराध पर लगाम थी, फिर भी यदि कोई आपराधिक घटना हो जाती थी तो उस पर तुरंत कार्रवाई होती थी। यही नहीं, कांग्रेस शासनकाल के दौरान बड़े अपराधियों का एनकाउंटर भी किया गया, जिससे अपराधी प्रदेश छोड़कर चले गए, लेकिन आज हालत यह है कि किसी की कोई सुनवाई नहीं होती। अपराधी सरकार पर हावी हैं और जनता रामभरोसे है।वजीर सिंह पूनिया ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस शासन में कानून व्यवस्था खराब थी, तो भाजपा तो उसे सुधारने के लिए सत्ता में आई थी, अब भाजपा सरकार कांग्रेस के समय की कानून व्यवस्था का उदाहरण क्यों दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व उनके मंत्रियों का न तो कानून व्यवस्था पर ध्यान है, न विकास पर ध्यान है और न ही जनता की समस्याओं पर। उन्होंने सत्तापक्ष को सलाह दी कि वह कांग्रेस के समय का उदाहरण देने की बजाय अपने काम पर ध्यान दें ताकि जनता परेशानी से बच सके।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top