Haryana

नशे के खिलाफ एकजुटता, 26 को साइकिल से सदन आएंगे विधायक

चंडीगढ़, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । प्रदेश में बढ़े रहे नशे को खत्म करने के लिए अब माननीय कमान संभालेंगे। नशे के खिलाफ मुख्यमंत्री, मंत्री और न केवल विधायक एकजुटता दिखाएंगे, बल्कि नशे के विरोध में साइकिल पर सवार होकर सदन पहुंचेंगे।

नशे के खिलाफ अभियान को तेजी देते हुए और युवाओं को जागरूक करने के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि माननीयों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में नशे के खिलाफ चला जा रहे अभियान की कमान संभालनी चाहिए। शुक्रवार काे उन्होंने आह्वान किया कि 26 अगस्त को सभी विधायक साइकिल या फिर ई-रिक्शा में सवार होकर सदन में पहुंचें।

बता दें कि नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए नायब सरकार द्वारा साइक्लोथान निकाली जा चुकी है। इसके साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए जनवरी से जुलाई तक 2161 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 2022 था। इस दौरान 3629 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो वर्ष 2024 की तुलना में 35 प्रतिशत अधिक है। मजबूत अंतरराज्यीय समन्वय के चलते 293 अंतरराज्यीय गिरफ्तारियां कमर्शियल क्वांटिटी मामलों में दर्ज हुईं, जिससे तस्करी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार हुआ। नशा अपराधियों की वित्तीय कमर तोड़ने के लिए जायदाद कुर्की की राशि वर्ष 2024 में 23.41 लाख रुपये से बढ़कर 2025 में 1.31 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके साथ ही निवारक पुलिसिंग भी प्रभावी रही और निवारक नजरबंदी के मामले 8 से बढ़कर 42 हो गए। विनेश फौगाट और कपूर वाल्मीकि नहीं पहुंचे सत्र में

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में बवानी खेड़ा से विधायक कपूर वाल्मीकि और जुलाना से विधायक विनेश फौगाट नहीं पहुंची। हालांकि दोनों विधायकों द्वारा ई-मेल के माध्यम से विस अध्यक्ष को इसकी पूर्व सूचना दी गई थी। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी विनेश फौगाट द्वारा सूचना भेजी गई कि वह अपने बेटे के अस्वस्थ होने के कारणों से सदन में नहीं पहुंच पाएंगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top