
शिमला, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने वोट चोरी के जरिए देश के लोकतंत्र का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में जनमत का अपहरण कर अपनी सरकारें बनाई हैं और अब बिहार में भी यही प्रयास कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार काे आयोजित वोट चोर, कुर्सी छोड़ अभियान की रैली को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले भारत जोड़ो यात्रा और अब अधिकार यात्रा के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एसआईआर के नाम पर 65 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जो एक बड़ा चुनावी षड्यंत्र है।
रजनी पाटिल ने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ रैलियां आयोजित की जाएंगी और जल्द ही एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा, जिसे राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस, जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी का गठन भी शीघ्र किया जाएगा, जिसमें ऊर्जावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं को स्थान मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने न केवल केंद्र, बल्कि हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने वोट चोरी के जरिए कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रही।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी वोट चोरी के सबूत सामने रखते हैं, तो आयोग उनसे शपथपत्र की मांग करता है, जबकि भाजपा नेताओं को आयोग आंकड़े तुरंत उपलब्ध करवा देता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सत्ता पक्ष और विपक्ष के साथ दोहरे मापदंड अपना रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में वोट चोरी से संबंधित तथ्यों को देश के सामने रखा है, लेकिन चुनाव आयोग उन पर जांच करने की बजाय उनसे शपथपत्र मांग रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक जिम्मेदार नेता हैं और पूरा हिमाचल उनके साथ खड़ा है।
प्रतिभा सिंह ने घोषणा की कि कांग्रेस जल्द ही प्रदेश के जिलों और ब्लॉकों में भाजपा के खिलाफ रैलियां आयोजित करेगी ताकि जनता को भाजपा के षड्यंत्रों से अवगत करवाया जा सके।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
