
पंजाब पुलिस ने लाभार्थी शिविरों को कराया बंद, कई जिलों में भाजपा व आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूंके पुतले
चंडीगढ़, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार करते हुए लाभार्थियों को जोडऩे का काम कर रहे भाजपा नेताओं की धरपकड़ के बाद शुक्रवार को दिनभर पंजाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी अब ग्रामीण इलाकों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए पार्टी केंद्र सरकार की 8 योजनाओं के सहारे गांवों तक पहुंच बना रही है। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाते हुए लाभार्थियों को उन योजनाओं के साथ जोडऩे के लिए शिविर लगा रहे हैं। पंजाब सरकार की ओर से इसका विरोध किया जा रहा है। गुरुवार को कई जिलों में हंगामे के बाद शुक्रवार को पंजाब में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कई स्थानों पर प्रदर्शन किया गया।
रोपड़ में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार को लेकर भाजपा और पुलिस आमने-सामने आ गए। जागरूकता कैंपों को पुलिस ने बंद करवा दिया। इसके विरोध में जिला प्रधान अजेवीर सिंह लालपुरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इससे नाराज कार्यकर्ता रूपनगर सचिवालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। फाजिल्का जिले के रायपुर गांव में आयोजित एक कैंप में शामिल होने जा रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को आज पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उन्होंने वहीं धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे। बाद में पुलिस ने जाखड़ को हिरासत में ले लिया। भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जाखड़ की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए लिखा कि सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजू-ए-क़ातिल में है।
पंजाब के लुधियाना तथा बरनाला जिलों में भी आज दिन भर भाजपा कार्यकर्ताओं के हंगामे की खबरे आई। कई हलकों में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के कैंपों को बंद करवा दिया। बरनाला में शुक्रवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका। प्रदेश उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आप सरकार भाजपा को धमका रही है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
