
रांची, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र खत्म करने वाला कदम बताते हुए एंड ऑफ डेमोक्रेसी करार दिया। सुप्रियो गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार और अन्य राज्यों में चुनावी गड़बड़ियों के बाद अब विपक्षी नेताओं को 30 दिनों तक जेल में रखकर उनकी राजनीति खत्म करने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की 240 सीटों में से वास्तविक रूप से केवल 140 सीटें ही उनकी हैं, जबकि लगभग 100 सीटें चोरी की गई हैं। लोकसभा में सरकार के लिखित जवाब का हवाला देते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि कई विपक्षी नेताओं पर ईडी-सीबीआई की कार्रवाई हुई, लेकिन दोष केवल दो ही साबित हुए और दोनों झारखंड से हैं।
भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि दूसरे दल के नेता भाजपा में शामिल होते ही शुद्ध हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से लोकतंत्र खतरे में है और यह संशोधन विधेयक विपक्ष की राजनीति समाप्त करने की साजिश है।
उन्होंने दावा किया कि झारखंड से उठी विरोध की यह लहर भाजपा को डरा रही है और अब बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश के साथ पूरे देश में भाजपा को कड़ी चुनौती मिलेगी। भट्टाचार्य ने घोषणा किया कि झामुमो इस बिल के विरोध में राज्यभर में केंद्र सरकार का पुतला दहन करेगा और चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
