
हिसार, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । पटेल नगर स्थित राजकीय गर्ल्स हाई स्कूल में स्टूडेंट पुलिस कैडेट प्रोग्राम के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टूडेंट पुलिस कैडेट बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह प्रमाण पत्र सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल, ने वितरित किए। इस अवसर पर कैडेट्स में उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।स्टूडेंट पुलिस कैडेट प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, सामाजिक सरोकार, कानून व्यवस्था के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अच्छे नागरिक बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाता है। एएसपी मयंक मुदगिल ने गुरुवार काे कैडेट्स से संवाद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता, अनुशासन, एक अच्छे नागरिक बनने तथा राष्ट्रोत्थान में उनकी भूमिका के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कैडेट्स को अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनुशासन, सदाचार और सामाजिक जिम्मेदारी की ओर प्रेरित करें। विद्यार्थी राष्ट्र का भविष्य हैं, अतः उन्हें सही दिशा और संस्कार देना हम सभी का कर्तव्य है। पुलिस-जन सहयोग से ही एक सुरक्षित, अनुशासित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
