नवादा, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । नवादा जिले के हिसुआ में बैनर पोस्टर लगाने के विवाद में भिड़े , पूर्व और मौजूदा विधायक के विवाद के बाद आपसी झड़प को लेकर दोनों ओर से हिस्पा थाने में गुरुवार को प्राथमिक की दर्ज कराई गई ।
एक पक्ष से भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष और दूसरे पक्ष से राजद कार्यकर्ता ने मामला दर्ज कराया है। दोनों पक्षों पर हरिजन एक्ट सहित अन्य अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। वोटर अधिकार यात्रा को लेकर पार्टी के बैनर-पोस्टर लगाने को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सिंह और वर्तमान कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी आपस में अपने समर्थकों के साथ भिड़ गये थे।
इस विवाद और झड़प मामले में दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष की ओर से हिसुआ डोमहटिया नाला पर के निवासी भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार भारती ने केस दर्ज कराया है। इसमें प्रधानमंत्री के गयाजी कार्यक्रम के लिए हिसुआ विश्वशांति चौक पर लगाये गये फ्लैक्स को अवैध तरीके से चोरों की तरह रात में वोटर अधिकार यात्रा के बैनर से ढक देने और विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्द का प्रयोग करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी, शेखर कुमार, सकरा के प्रखर कुमार उर्फ टीकू सिंह, बलियारी के संतोष कुमार सहित 10-15 अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है। दूसरे पक्ष से राजद कार्यकर्ता कृष्णा चौधरी उर्फ किरो चौधरी ने केस दर्ज कराया है। किरो चौधरी ने राहुल गांधी और बिहार प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव के कार्यक्रम में अड़चन डालने, बैनर पोस्टर फाड़ने, वोटर अधिकार यात्रा का विरोध करने, उनके लिए अमर्यादित शब्द प्रयोग करने, जाति सूचक शब्द का प्रयोग करने आदि का आरोप लगाया है।
भाजपा पूर्व विधायक अनिल सिंह, काली स्थान हिसुआ निवासी जितेंद्र कुमार बऊआ, अंतु कुमार और अन्य 30 अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया गया है। दोनों पक्षों पर क्रमशः केस संख्या 477/25 और 478/25 दर्ज किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / संजय कुमार सुमन
