
कोलकाता, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से राज्यभर में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बताया गया है कि दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में आज गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार और शनिवार को बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। इस दौरान तटीय और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। साथ ही, मछुआरों को शुक्रवार और शनिवार को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। उत्तर और दक्षिण परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता, पूर्व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पुरुलिया में भारी बारिश की संभावना है।
वहीं, उत्तर बंगाल में भी गुरुवार से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग जिलों में गुरुवार को भारी बारिश होगी। इसके अलावा शनिवार और रविवार को मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार हो रही बारिश से तिस्ता, तोर्सा और जलढाका नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।
गुरुवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पूरे दिन तापमान औसतन 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हवाएं 5.13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और अधिकतम झोंके 8.29 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। हवा की दिशा 223 डिग्री पर रहेगी।
(Udaipur Kiran) / अनिता राय
