
झज्जर, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । बहादुरगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनके जन्म दिवस पर याद किया। राजेंद्र सिंह जून ने राजीव गांधी नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में राजीव गांधी का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपने जीवनकाल में हमेशा समाज में शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा दिया।
राजेंद्र जून ने कहा कि भारत आज सूचना प्रौद्योगिकी और संचार के क्षेत्र में जिस मुकाम पर है, उसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी। उन्हें आईटी और संचार क्रांति का जनक कहा जाता है। उन्होंने ही देश में कंप्यूटर, दूरसंचार और आधुनिक तकनीक के विस्तार की शुरुआत की। जिसके चलते आज भारत पूरे विश्व में आईटी हब के रूप में स्थापित है।
पूर्व विधायक जून ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को देश की ताकत मानते हुए 18 वर्ष की आयु में मताधिकार प्रदान किया। इसके अलावा पंचायती राज प्रणाली लागू कर सत्ता को गांव-गांव तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके द्वारा किए गए इन प्रयासों ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की सेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा। उनकी दूरदर्शी सोच और विकास की योजनाएं आज भी भारत के मार्गदर्शन का स्रोत बनी हुई हैं। इस अवसर पर रामकुमार जून, कर्मवीर राव, प्रदीप जून, संजय पहलवान, राजेंद्र जून माजरा व सचिव कपिल कौशिक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी को नमन किया।
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
