Chhattisgarh

धमतरी में डीजल घोटाला सहित जनहित मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने घेरा निगम कार्यालय

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ता के बीच झूमाझटकी।

धमतरी, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । डीजल घोटाला, पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को किश्त की राशि दिलाने, गोठान से मवेशी चोरी पर कार्रवाई सहित सात बिंदुओं का लेकर कांग्रेस ने 20 अगस्त को निगम कार्यालय में हल्ला बोला। भीड़ की शक्ल में पहुंचे कांग्रेसियों ने नगर निगम धमतरी कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मकई गार्डन से रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन करते हुए निगम कार्यालय पहुंचे। इन्हें आगे बढ़ने से रोकने पुलिस प्रशासन की ओर से दो स्तर पर बेरिकेड लगाएं थे। जहां पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। आक्रोशित कांग्रेसियों ने दोनों बेरिकेड को ध्वस्त करते हुए निगम कार्यालय के गेट तक जा पहुंचे। बुधवार को ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर एक और दो के तत्वावधान में नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया। कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मकई गार्डन से रैली निकालकर निगम प्रशासन और भाजपा के महापौर के खिलाफ नारेबाजी करते सदर बाजार होते निगम कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। कांग्रेसियों को रोकने पुलिस बल तैनात थी।

निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और उप नेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र विशु देवांगन ने कहा कि, भाजपा की नेतृत्व वाली सरकार नगर निगम क्षेत्र की जनता के साथ न्याय नहीं कर रही है। जनता को मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहां भ्रष्टाचार का खेल लगातार जारी है। छह माह से निगम में भर्राशाही चल रही है।

पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशू चंद्राकर ने कहा कि जिस किसी भी नेता और अधिकारी ने डीजल चोरी की है ऐसे लोगों पर निगम प्रशासन और भाजपा के महापौर को तत्काल कार्रवाई करना चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा के जिला कार्यालय का घेराव किया जाएगा। युवा कांग्रेस के नेता गीत राम सिन्हा ने आरोप लगाते हुए कहा कि निगम में डीजल भरवाने के नाम से लाखों रुपये का घोटाला किया गया है। जिसको लेकर पिछले दिनों कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर डीजल घोटाले को उजागर किया था। जिसमें छह माह से गैरज में खड़ी सूमो गाड़ी के नाम से डीजल चोरी हो रही थी। इसके साथ ही डीजल पर्ची में जो गाड़ी नंबर दर्शाया गया था वो पल्सर बाइक है। भारत में मोटर साइकिल पेट्रोल से चलती है। लेकिन नगर निगम ने चमत्कार करते हुए पल्सर को डीजल से चलाने का काम चालू कर दिया। धमतरी की जनता का पैसा चोरी नहीं होने देंगे। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर लड़ती है। आगे भी लड़ाई जारी रहेंगी। तत्काल दोषियों पर कार्रवाई की जाएं।

इस प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष आकाश गोलछा, योगेश शर्मा पूर्व जिला पंचायत सदस्य तारिणी चंद्राकर, पार्षद योगेश लाल, सुमन मेश्राम, पूर्व पार्षद राजेश ठाकुर, राजेश पांडेय, सोमेश मेश्राम, गजानंद रजक, राहुल बख्तानी, कुलेश्वर देवांगन, गौतम वाधवानी, आशुतोष खरे, अविनाश मरोठे, उदित साहू, वातंजलि गोस्वामी, गणेश्वरी कामड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इन सात विषयों को लेकर निगम कार्यालय का घेराव

नगर निगम में हुए डीजल घोटाले के आरोपितों के ऊपर कार्रवाई की जाएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को किश्त की राशि जल्द जारी की जाएं। अर्जुनी गोठान से गोमाता की चोरी हुई थी। जिसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई किया जाए। इतवारी बाजार स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्द किया जाएं। राशन कार्ड बनाने के लिए नियम में सरलीकरण किया जाएं। नयापारा वार्ड के अधूरे सामुदायिक भवन का निर्माण जल्द किया जाएं। पेंशन प्रदान करने के लिए नियमों में सरलीकरण किया जाएं।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top