Delhi

कांग्रेस ने की मुख्यमंत्री पर हमले की निंदा, दिल्ली पुलिस की सुरक्षा पर उठाए सवाल

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव  (फाइल फोटो

नई दिल्ली, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम इसकी कड़ी निंदा करते है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर इस प्रकार का हमला सुरक्षा चूक का बहुत बड़ा मामला है और दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

मुख्यमंत्री पर बुधवार को जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। यह हमला मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइंस राज निवास मार्ग स्थित जन सेवा केंद्र में हुआ। आरोपित की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है।

देवेंद्र यादव ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं है। मैं उम्मीद करता हूं कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द स्वस्थ हों।

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की थी कि राजधानी दिल्ली में महिलाओं को रात्रि में भी काम करने की इजाजत दी जाएगी और उनकी रक्षा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर कौने पर हर मिनट में अपराध हो रहे हैं और उनमें से सबसे अधिक अपराध महिलाओं के खिलाफ हो रहे है। दिल्ली पुलिस जब राजधानी की मुख्यमंत्री की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं कर सकती, तब रात्रि शिफ्ट में काम के लिए निकलने वाली लाखों महिलाओं की सुरक्षा कौन करेगा।

————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top