
देहरादून, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव आर.के सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ और प्रमुख वन संरक्षक हॉफ समीर सिन्हा ने भी इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी विधानसभा मानसून सत्र के दौरान गैरसैंण (भराड़ीसैंण) परिसर में “एक पेड़ मा के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, मातृ शक्ति के प्रति सम्मान और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संकल्प भी है।
———————
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
