Uttar Pradesh

अनुसूचित मोर्चा संगठन की रीढ़ है, पार्टी से युवाओं को जोड़ा जाए : धर्मपाल सिंह

अनुसूचित मोर्चा की बैठक करते भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह व अन्य का छायाचित्र

कानपुर, 19 अगस्त (Udaipur Kiran) । अनुसूचित मोर्चा संगठन की रीढ़ है, जिसका दायित्व है कि वह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पार्टी और सरकार की योजनाओं को पहुँचाए। साथ ही सामान्य वर्ग की विधानसभा सीटों पर भी अनुसूचित बस्तियों को चिन्हित कर संगठनात्मक प्रभाव बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह बातें मंगलवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कही।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अंतर्गत अनुसूचित मोर्चा की जिला अध्यक्षों की बैठक क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी समय में अनुसूचित मोर्चा युवा संवाद कार्यक्रमों का आयोजन करेगा, जिससे युवाओं को संगठन से जोड़ा जा सके।

सिंह ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक बस्ती में जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, मुफ्त राशन वितरण सहित अन्य योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुँचाना मोर्चे का प्रमुख लक्ष्य होगा।

अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनोजिया ने कहा कि मोर्चा बहुत जल्द बस्तियों के प्रमुख नागरिकों के साथ बैठक एवं संवाद प्रारंभ करेगा। बस्तियों में सामाजिक नेतृत्व को संगठन से जोड़ना और उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करना भाजपा की प्राथमिकता है।

बैठक की अध्यक्षता विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने की और संचालन सलिलकांत श्रीवास द्वारा किया गया। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष व अन्य लोग उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top