नोएडा, 19 अगस्त (Udaipur Kiran) । यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से गौतम बुद्ध नगर के यमुना किनारे बसे गांव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जेवर के कानीगढ़ी और झुप्पा गांव के खेतों में पानी घुस गया है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। रविवार को हथिनी कुंड बैराज से लगभग 98 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। आज सुबह से पानी दिल्ली होते हुए गौतम बुद्ध नगर में प्रवेश करने लगा है। जलस्तर और बढ़ने से किसान फसलों के नुकसान की आशंका जता रहे हैं। वहीं प्रशासन ने जेवर और रबूपुरा क्षेत्र में पांच स्थानों पर बाढ़ चौकी स्थापित की है।
पहाड़ों में हो रही बारिश के बाद हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली में लोहे के पुल और ओखला बैराज में जहां यमुना खतरे के निशान के आसपास आ गई है। इसके चलते रबूपुरा और जेवर में यमुना किनारे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने लगा है। पानी की बढ़ोतरी होने पर प्रशासन ने किसानों को अलर्ट किया है।
जेवर के तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान के मुताबिक सभी बाढ़ चौकी और कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। जेवर में पांच जगहों पर बाढ़ चौकी स्थापित की गई है। इसमें प्राथमिक विद्यालय नेवला, प्राथमिक विद्यालय झुप्पा, शिव मंदिर भाईपुर ब्रहम्नान, उच्च प्राथमिक विद्यालय फलैदा बांगर और जनता इंटर कॉलेज जेवर शामिल है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
यमुना नदी से सटे गांव फलैदा खादर, करौली बांगर, मेहंदीपुर, सिरौली बांगर पलाहका और बेगमाबाद आदि गांव के पास यमुना का पानी खेतों की ओर बढ़ने लगा है। वहीं खादर क्षेत्र के गांव फलैदा बांगर, अमरपुर पलाका और बेगमाबाद आदि गांव में किसानों को धान, पशुचर और सब्जी की फसल की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि यदि हथिनी कुंड बैराज से और पानी छोड़ा गया तो इसे खेतों में भरने में देर नहीं लगेगी। इसका सीधा असर फसलों पर पड़ेगा।
वहीं गौतम बुद्ध नगर नोएडा के रायपुर गांव से लेकर मंगरौली छपरौली तक बने फार्म हाउसों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। विगत वर्ष आई बाढ़ में यहां पर मवेशियां और फार्म हाउस में रहने वाले लोग फंस गए थे। जिन्हें काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाहर निकाला था। जिला प्रशासन और पुलिस ने फार्म हाउस वालों को अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि वे बाढ़ के खतरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
हिन्दुस्थान समचार/सुरेश
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
