Maharashtra

मुंबई में लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

फोटो: भारी से मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव

मुंबई, 18 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुंबई में सोमवार को लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को मुंबई में आगामी ७२ घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है, इससे प्रशासन ने नागरिकों को जरुरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है। भारी बारिश का असर मुंबई की लाईफलाईन लोकल ट्रेन सेवा पर भी पड़ा है, जिससे लोकल गाड़ीयां देरी से चल रही हैं।

मुंबई और पश्चिमी उपनगरों में सुबह से ही भारी बारिश जारी है। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज, बांद्रा जैसे पश्चिमी उपनगरों में इस समय भारी बारिश हो रही है। इससे पश्चिमी उपनगरों के निचले इलाकों में पानी भर गया है । बारिश की वजह से वडाला, कुर्ला , दादर , लालबाग,किंग सर्कल , सायन में जलभराव हो गया है। अंधेरी सबवे और मिलन सबवे बारिश के पानी से लबालब भर गए हैं। इन सभी जगहों पर मुंबई नगर निगम के कर्मचारी पंपिंग के सहयोग से जलनिकासी कर रहे हैं। इसके साथ ही बारिश की तीव्रता को देखते हुए कई जगह मेनहोल खोल दिए गए है, जिससे जल्द से जल्द जलनिकासी हो सके।

भारतीय मौसम विभाग ने आज बताया कि पिछले १२ घंटों में टाटा पावर चेंबूर में 81.5 मिमी, सांताक्रूज़ में 70 मिमी, विक्रोली में 69 मिमी, सायन में 67 मिमी,जुहू में 58 मिमी, भायखला में 58 मिमी, बांद्रा में 54 मिमी और कोलाबा में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार रात से हो रही बारिश के कारण मुंबई शहर को जलापूर्ति करने वाले बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में जलभराव बढ़ गया है। वर्तमान में, बांधों में जलभराव 90 प्रतिशत तक पहुँच गया है, और एक साल तक प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त पानी जमा हो गया है। मुंबई को उध्र्व वैतरणा, मोदकसागर, तानसा, भातसा, विहार और तुलसी बांधों से प्रतिदिन 3900 मिलियन लीटर पानी मिलता है। सभी सात बांधों की भंडारण क्षमता 14.47 लाख मिलियन लीटर है और अभी बांधों में 13 लाख मिलियन लीटर पानी है।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top