

-श्री बांके बिहारी मंदिर में हुए विविध कार्यक्रम
धमतरी, 16 अगस्त (Udaipur Kiran) । धमतरी जिले में 16 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर के श्री बांके बिहारी मंदिर में कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता सहित विविध कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखते ही बना। श्री बांके बिहारी मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक भगवान श्री कृष्ण का दर्शन पूजन का दौर चलता रहा। देर रात मंदिर परिसर में केक काटकर कृष्ण जन्म उत्सव मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया।
16 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी पर्व अंचल में धूमधाम से मनाया गया। कृष्ण मंदिरों सहित अन्य जगहों में अलग-अलग कार्यक्रम हुए। शहर के प्राचीन बांके बिहारी मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम हुए। शुक्रवार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक बांकेबिहारी लाल का अभिषेक के साथ तुलसी और पुष्प वर्षा कार्यक्रम हुआ। शनिवार को सुबह से लेकर रात तक विभिन्न कार्यक्रम हुए। सुबह आरती पश्चात दर्शन प्रारंभ हुआ। मंदिर परिसर में श्रध्दालुओं को बूंदी का प्रसादी वितरित किया गया। दोपहर को 56 भोग चढ़ाया गया। अयोध्यावासी स्वर्णकार न्यास व राधिका भजन मंडली द्वारा कार्यक्रम हुआ। बच्चों के लिए श्रीकृष्ण वेषभूषा, महिलाओं के लिए थाल सजावट प्रतियोगिता रखी गई। भजन कार्यक्रम में सभी का उत्साह देखने को मिला। रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में उत्साह के साथ मंगल गीत गाए गए। महाआरती पश्चात प्रसादी वितरण किया गया।
मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार 20 अगस्त तक रोजाना अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष डा एनपी गुप्ता, उपाध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, सचिव प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष विनित गुप्ता, न्यासी दीपक गुप्ता, अनिल गुप्ता, संतोष सोनी, अलका गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
घड़ी चौक में हुई मटका फोड़ प्रतियोगिता: श्रीराम हिंदू संगठन द्वारा घड़ी चौक में दही हांडी महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पिरामिड और ग्रीस लगे पाइप में मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। पिरामिड में विजेता को 31 हजार और प्रतीक चिन्ह, ग्रीस लगे पाइप मटकी फोड़ में 51 सौ और प्रतीक चिन्ह दिया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
