HEADLINES

मप्र की बेटी मुस्कान ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर तिरंगा फहराकर रचा इतिहास, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुस्कान रघुवंशी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर तिरंगा फहराया

भोपाल, 16 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की बेटी मुस्कान रघुवंशी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया। मुस्कान की इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश ही नहीं, पूरा देश गर्व कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुस्कान को माउंट एलब्रुस पर भारत का तिरंगा फहराने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि प्रदेश के अशोक नगर जिले की बेटी मुस्कान रघुवंशी ने माउंट एलब्रुस की (5,642 मीटर) पर -30 डिग्री तापमान के बीच तिरंगा फहरा कर मध्य प्रदेश सहित पूरे भारत का मस्तक शान से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कहा कि बेटी मुस्कान भविष्य में भी सफलता के नित-नए कीर्तिमान रचें और देश का गौरव बढ़ाती रहें।

गौरतलब है कि मुस्कान रघुवंशी मुस्कान मूलतः अशोकनगर की रहने वाली हैं और वर्तमान में भोपाल में पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने 14 अगस्त की रात एक बजे बेस कैंप से चढ़ाई शुरू कर 15 अगस्त सुबह 9:15 बजे -30 डिग्री तापमान और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के बीच यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस (5,642 मीटर) के शिखर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में दुनिया के कई देशों के पर्वतारोही शामिल थे। गत नौ अगस्त से शुरू इस अभियान में मुस्कान ने छह दिन तक कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इससे पहले मुस्कान ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोसियस्ज़को और अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलीमंजारो को फतह कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक 3,500 किमी और नर्मदा परिक्रमा की 3,200 किमी की साइकिल यात्रा केवल 19 दिन में पूरी कर रिकॉर्ड बनाया है। मुस्कान ने बताया कि अगला लक्ष्य सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर भारत का तिरंगा फहराना और भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top