Haryana

फरीदाबाद : यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा, खेतों में पहुंचा पानी

फरीदाबाद में यमुना खतरा के निशान के नजदीक, बसंतपुर आबादी में हुआ जलभराव

फरीदाबाद, 16 अगस्त (Udaipur Kiran) । यमुना में ओखला बैराज से शुक्रवार की रात को 50 हजार 273 क्यूसिक पानी फरीदाबाद की सीमा में छोड़ा गया है। जलस्तर बढ़ने से शहर के बसंतपुर क्षेत्र की आबादी में जलभराव हो गया। यह आबादी यमुना के तल में बसी हुई है। यहां पर 2023 में भी जलभराव हो गया था। फरीदाबाद में बाढ़ का निशान 202.17 मीटर है। फिलहाल 198.10 मीटर के निशान पर यमुना बह रही है। कई जगह पर फसलों में भी जलभराव हो गया। यमुना किनारे बसे गांवों पर पंचायत सचिव और पटवारी लगातार निगाह बनाए हुए हैं। गांव में मुनादी करा दी गई है। पुलिस भी पूरा ध्यान रखे हुए है। सभी सरपंचों से कह दिया है कि वह ग्रामीणों को बता दें कि यमुना की तरफ पशुओं को लेकर न जाएं और बच्चों को भी न जाने दें। ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। सिंचाई विभाग के उपमंडल अधिकारी अरविंद शर्मा का कहना है कि पीछे हथनी कुंड बैराज में ज्यादा पानी नहीं है इसलिए यमुना का जल्दी ही जलस्तर घटने लगेगा और किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। बसंतपुर में जलभराव होने कारण है कि यमुना के तल में यह आबादी बसी हुई है।

—-

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top