रुद्रप्रयाग, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । 17 अक्तूबर 1997 से मौजूदा समय में रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष पद काबिज होने वाली पूनम कठैत चौथी महिला हैं। वह, खांकरा वार्ड से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर रिकार्ड मतों से विजयी होकर सदन में पहुंची थीं। वह, वर्ष 2014 में पहली बार जिपं सदस्य चुनी गईं थी। साथ ही भाजपा ने लगातार दूसरी बार जिपं अध्यक्ष पद पर कब्जा किया है।
वर्ष 1997 में अस्तित्व में आये रुद्रप्रयाग जनपद में 28 वर्षों में 11 अध्यक्ष व 10 प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष व प्रशासक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। जिले में पहले निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाधर नौटियाल बने थे। लेकिन वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाये थे और श्रीकृष्ण भट्ट को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। मार्च 2001 में खांकरा वार्ड से भाजपा से अधिकृत सदस्य निर्वाचित हुये विक्रम पटवाल जिला पंचायत के तीसरे अध्यक्ष चुने गये थे। लेकिन वह भी सिर्फ एक वर्ष ही इस पद पर काबिज रह सके। इसके बाद यहां तत्कालीन जिलाधिकारी नवीन चंद्र शर्मा व आरके सुधांशु बतौर प्रशासक के तौर पर नियुक्त किये गये।
मई 2003 में कांग्रेस से शैलारानी रावत जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं और उन्होंने अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया। वह, जिले की पहली जिपं अध्यक्ष भी रहीं। इसके बाद 2008 में भाजपा से अधिकृत चंडी प्रसाद भट्ट अध्यक्ष चुने गये। वर्ष 2014 में बजीरा वार्ड से निर्वाचित हुईं कांग्रेस अधिकृत लक्ष्मी राणा जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गईं थीं। वर्ष 2019 में इसी वार्ड से भाजपा से अधिकृत अमरदेई शाह सदस्य चुनी गई और अध्यक्ष भी बनी।
इस बार, खांकरा वार्ड से निर्वाचित सदस्य पूनम कठैत जिपं अध्यक्ष निर्वाचित हुईं हैं। पूनम कठैत ने चुनाव में जिले की सभी 18 जिपं वार्डों में सबसे ज्यादा 66 फीसदी मत प्राप्त कर नया रिकार्ड भी बनाया। साथ ही रुद्रप्रयाग जनपद गठन के बाद यह पहला मौका है, जब लगातार तीसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष महिला चुनी गई है।
(Udaipur Kiran) / दीप्ति
