

सोमनाथ की तर्ज पर बनेगा बाबा विश्वनाथ का धाम
विधान परिषद की कार्यवाही अनिश्चकाल के लिए स्थगित
लखनऊ,14 अगस्त (Udaipur Kiran) । नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद में मानसून सत्र के अंतिम दिन की कार्यवाही में सहभागिता करते हुए 2047 तक उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। वहीं सदन में विपक्ष के रवैये की कड़ी आलोचना की।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रचण्ड बहुमत से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। सदन में जब 25 करोड़ जनता से जुड़े विषय पर चर्चा हो रही है तो विपक्षी सदस्य नदारद हैं। आने वाले समय में जनता उन्हें विपक्ष में भी बैठने लायक नहीं समझेगी। समाजवादी पार्टी तुष्टीकरण की घिनौनी राजनीति करती है। वह पिछड़ों के नाम पर वोट बैंक की खेती करना चाहते हैं। जनता को गुमराह कर वोट प्राप्त करना चाहते हैं।
नेता सदन ने कहा कि पीडीए अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछड़ों की भलाई करने वाले नहीं हैं। वह आरक्षण की बात करते हैं। ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की बात करते हैं। पीडीए नामक गुब्बारे की हवा निकल चुकी है। हमारी सरकार ने विकास की योजनाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया।
सोमनाथ की तर्ज पर बनेगा बाबा विश्वनाथ का धाम
केशव प्रसाद मौर्य ने सदन में कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति हुई है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। आने वाले समय में सोमनाथ की तर्ज पर काशी में बाबा विश्वनाथ का धाम बनेगा। मथुरा कृष्ण जन्मभूमि भी भव्य दिव्य बनेगी। उन्होंने कहा कि अखण्ड भारत का भी सपना साकार होगा। आतंकवाद व नक्सलवाद मुक्त भारत बनेगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू की जगह अगर सरदार पटेल प्रधानमंत्री बनते तो न तो भारत का विभाजन होता और न ही हिन्दुओं की हत्या होती और भारत का विभाजन भी नहीं होता।
कांग्रेस आज भी देश के लिए एक विभीषिका है। देश का बंटवारा जैसा पाप करने के बाद भी उसका पेट नहीं भरा है। वह देश से ज़्यादा पाकिस्तान को तरजीह देती है। देश के प्रति अनास्था जताने वाले आंतरिक तत्वों को वह आज भी पोषित करती है।
पूर्व सदस्यों की पेंशन में बढ़ोत्तरी
उत्तर प्रदेश विधान सभा और विधान परिषद के वर्तमान और पूर्व सदस्यों की सुख सुविधा भत्ता संबंधित विधेयक दोनों सदनों में बगैर टोकाटाकी के ध्वनिमत से पारित किया गया। पूर्व सदस्यों की पेंशन में दस हजार रूपये मासिक की बढ़ोत्तरी की गयी है। पूर्व सदस्यों को 25000 रूपये के बजाय अब 35000 रूपये मासिक पेंशन के रूप में प्राप्त होगी। इसके अलावा वर्तमान सदस्यों के दैनिक और जन सेवा भत्ते में बढ़ोत्तरी को दोनों सदनों से स्वीकृति प्राप्त हो गयी है।
विधान परिषद की कार्यवाही स्थगितउत्तर प्रदेश विधान परिषद की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग के लिए नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य और नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव को धन्यवाद देते हुए सदन अनिश्चतकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
