Haryana

नशा शरीर के लिए ही नहीं अपितु मस्तिष्क के लिए घातक है: डॉ अशोक वर्मा

पानीपत के गांव उझा के सरकारी स्कूल में नशे के दुष्परिणाम की जानकारी देते डॉ अशोक वर्मा

पानीपत, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । पानीपत में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा ग्राम उझा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यम विद्यालय में नशे के विरुद्ध अभियान चलाकर नशे के विरुद्ध जागरूक किया। तत्पश्चात चिन्हित हॉट स्पॉट ग्राम उझा, ग्राम राणा माजरा, ग्राम जलालपुर और ग्राम पत्थरगढ़ में नशे के विरूद्ध विशेष अभियान आयोजित किया गया। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में ब्यूरो करनाल इकाई से उप निरीक्षक विनोद कुमार, मुख्य सिपाही मोंटी और सिपाही प्रवीण ने भाग लिया।

जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा ने अलग अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बताया कि ये स्थान हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित है। नशे का व्यापार कतई स्वीकार नहीं होगा। लोगों को अपनी सोच बदलने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसीलिए यहाँ आकर लोगों को समझाने का कार्य किया जा रहा है कि नशा न केवल मनुष्य के शरीर के लिए हानिकारक है अपितु मस्तिष्क के लिए घातक है। नशा बेचकर रुपया कमाना न केवल पाप है अपितु ऐसे व्यक्ति अपने परिवार को विष पान करा रहे हैं।

नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांस एक्ट के अंतर्गत प्रतिबंधित मादक पदार्थ और औषधियां रखना सेवन करना क्रय विक्रय करना अपराध है। ये अपराध न केवल दण्डीय है अपितु बहिष्कृत भी हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा

Most Popular

To Top