
हकृवि में निकाली गई तिरंगा यात्राहिसार, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण निदेशालय की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में काफी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने गुरुवार काे अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा निकालने का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोता है। उन्होंने बताया कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान-शान का प्रतीक है, जिसके लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे तिरंगे के इतिहास को जाने, कि कितनी कुर्बानियों व कठिन प्रयासों के बाद हमें अपना राष्ट्रीय ध्वज लहराने का अवसर प्राप्त हुआ है।प्रो. कम्बोज ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, प्रगति और शांति का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज की ऊपरी पट्टी में केसरिया रंग है जो साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। बीच में स्थित सफेद पट्टी शांति और सच्चाई का प्रतीक है। हरी पट्टी उर्वरता, वृद्धि और भूमि की पवित्रता को दर्शाता है। सफेद पट्टी के मध्य में गहरे नीले रंग का एक चक्र है, इसे अशोक चक्र कहते हैं। जो धर्म चक्र का प्रतीक है। इस चक्र में 24 तीलियां है। इस चक्र में दी गई हर एक तीली का अपना विशेष महत्व है। सभी तीलियां सम्मिलित रूप से देश और समाज के चहुमुखी विकास को दर्शाती हैं। एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स ने उमंग, उत्साह,जोश और जुनून के साथ निकाली तिरंगा यात्रा।इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. पवन कुमार, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एसके पाहुजा सहित सभी अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, सह छात्र कल्याण निदेशक डॉ. सुशील कुमार लेगा, राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह एवं एनएसएस इंचार्ज डॉ. दीपक कौशिक, डॉ इर्दिश, डॉ. उर्वशी, डॉ. विक्रम व डॉ. लोचन शर्मा मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
