
–दो माह पहले मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार हुआ था आरोपित आसे उर्फ आशाराम
मुरादाबाद, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद जनपद के जिला कारागार में बीते दो माह से बंद रामपुर निवासी आरोपित आसे उर्फ आशाराम की आज उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। आरोपित को पुलिस ने बीते जून माह में मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था।
आरोपित आसे उर्फ आशाराम की जिला जेल में बुधवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगड़ गई थी। जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जेल प्रशासन का कहना है कि वह शौचालय में गिर गया था। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
रामपुर जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के चैकोनी निवासी आशे उर्फ आशाराम को बिलारी पुलिस ने बीते जून माह में मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह जेल में बंद था। आसे के खिलाफ बिलारी में हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, अपहरण, जालसाजी और पाॅक्सो एक्ट के मामले में मुकदमें दर्ज हैं।
जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि आसे उर्फ आशराम के पैर में गोली लगी थी। वह छड़ी के सहारे चलता था। बुधवार की शाम करीब छह बजे वह शौचालय गया था और गिर गया। अन्य बंदियों ने उसे बेहोशी की हालत में पड़ा देखा तो शोर मचाया। पहले उसे जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से जिला अस्पताल भेजा गया जहां उसकी नाजुक हालत देखकर उसे भर्ती कर लिया था। गुरुवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद बंदी के परिवार को सूचना दी गई।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि बंदी लंबे समय से बीमार चल रहा था। 15 दिन पहले भी मेरठ के मेडिकल कालेज में उसका इलाज कराया गया था। जेल में बंदी के साथ कोई घटना नहीं हुई है। वहीं जिला अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंचे मृतक के भाई दान सिंह का आरोप है कि जेल में उसके भाई की हत्या की गई है। उसका दावा है कि मंगलवार जेल में आशाराम के साथ मारपीट की गई थी।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
