



मुख्यमंत्री निवास में भी हुआ तिरंगा यात्रा का आयाेजन
भोपाल, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार सुबह बोट क्लब पर आयोजित ‘नौका तिरंगा यात्रा’ में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने यहां मौजूद जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें ऊर्जा दे रहा है और तालाब की लहरें उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के लिए संकल्पित है। इस दौरान मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने विपक्ष पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वे सेना से सबूत मांगते हैं और लोकतंत्र के स्तंभों पर सवाल उठाते हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने, ‘ये देश है वीर जवानों का..,; गाना भी गाया। बोट क्लब से पहले सीएम डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए।
दरअसल, मध्य प्रदेश में 15 अगस्त से पहले जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार काे भोपाल में बड़े तालाब पर नावों पर तिरंगा लहराया गया। वॉटर स्पोर्ट्स प्लेयर्स ने भारत माता की जय के नारे लगाते हुए बोटिंग की। भोपाल में सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने क्रूज लेक प्रिंसेस में सवार होकर तिरंगा लहराया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गाैर, महापाैर मालती राय माैजूद रहीं।
इस दौरान बोट क्लब पर नजारा देखने लायक था। सैकड़ों नावों पर सवार लोग हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के रंग में रंगे दिखाई दिए। चारों ओर बज रहे गीतों ने देखने वालों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। लोग खुद भी देशभक्ति के गीत गा रहे थे और अन्य लोगों को भी प्रेरणा दे रहे थे। कई लोग हाथों में देशभक्ति के नारों का पोस्टर लिए लोगों को देश-प्रदेश के विकास के लिए प्रेरित कर रहे थे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज भोपाल के तालाब पर लहराते तिरंगे हमें ऊर्जा से लबरेज कर रहे हैं। यहां उठ रहीं लहरें हमें हमारे जन कल्याण के संकल्प को याद दिला रही हैं। ये लहरें हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। हमारी सरकार सभी को साथ लेकर प्रदेश के विकास के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने कहा कि भोपाल को जल्द एक नई सौगात मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की डल झील पर जिस तरह शिकारे तैरते हैं, उसी तर्ज पर अब भोपाल के बड़े तालाब में भी ‘शिकारा’ चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में काम कर रही है और जल्द ही शहरवासियों के साथ सैलानी भी यहां शिकारा की सवारी का आनंद ले सकेंगे। मेरी ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई।
विपक्ष पर साधा निशाना
इस दाैरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरे देश का उत्साह एवरेस्ट की चोटी से भी ऊंचा हो गया है। दुर्भाग्य है कि लोकतंत्र का अहम हिस्सा विपक्ष के नेता गलतियां करने से बाज नहीं आ रहे। विपक्ष के नेता सेना से कार्रवाई का सबूत मांगते हैं। अब जब पूरा देश 15 अगस्त के मद्देनजर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर झूम रहा है उस वक्त भी विपक्ष राजनीतिक गतिविधियां कर रहा है। हमारे न्यायालय, हमारी सेनाएं और चुनाव आयोग देश के लोकतंत्र के स्तंभ हैं। विपक्ष इन्हीं पर सवाल खड़े कर रहा है। लेकिन, यह प्रश्न उनकी ओर ही बढ़ रहा है कि वे लोकतंत्र पर भरोसा करते हैं कि नहीं करते हैं।
मुख्यमंत्री निवास में निकली तिरंगा यात्रा
बाेट क्लब से पहले, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री निवास परिसर में तिरंगा यात्रा निकली। इसमें मुख्यमंत्री सचिवालय व निवास के सभी अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षा बल, दीदी कैफ़े की बहनें और समस्त स्टाफ ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति से सराबोर यात्रा में भाग लिया। इस दौरान पूरा परिसर वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
