Bihar

मुख्यमंत्री ने भागलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण

जायजा लेते मुख्यमंत्री

भागलपुर, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित भागलपुर जिले हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ की मौजूदा स्थिति और राहत कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावित लोगों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।‌ सर्वेक्षण के उपरांत समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए और उन्हें भोजन, पेयजल, दवाइयां और पशुओं के लिए चारे की कोई कमी न हो।

उल्लेखनीय है कि बिहार में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण भागलपुर के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में भागलपुर और अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा हुई।

आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को गंगा के किनारे वाले 10 जिलों में राहत कार्यों को लेकर हालिया स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन 10 जिलों के 54 प्रखंडों की 348 पंचायतों में लगभग 24.64 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि जिले में एनडीआरएफ की सात में से छह टीमें तैनात हैं। 60 मोटर बोट और 1233 नावों के जरिए अब तक करीब 37,000 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया है। साथ ही 52,573 लोगों को पॉलीथिन शीट और 1,785 लोगों को सूखा राशन दिया गया है।

बाढ़ राहत शिविरों में 8,811 लोग सुरक्षित हैं। इसके अलावा लोगों के आने जाने की सुविधा के लिए 104 नावें चलाई जा रही है। 12 प्रखंडों की 85 पंचायतों में करीब छह लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। आठ अगस्त से सामुदायिक रसोई चल रही है। अब तक 186 किचन संचालित हो रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Most Popular

To Top