
फतेहपुर, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को मकबरा-मंदिर विवाद के मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी व कांग्रेस शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा को समर्थकों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा जिले के पदाधिकारियों की एक टीम गठित कर प्रतिनिधि मंडल को जिले के अधिकारियों से मिलने के लिए अधिकृत किया था।
बता दे कि सदर कोतवाली क्षेत्र के आबू नगर रेडय्या में नवाब अब्दुल समद मकबरे में तोड़फोड़ के गंभीर मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने 10 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का गठन किया था। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के दो पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा और संजीव दरियावादी भी नामित थे। साथ ही फतेहपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा के साथ अन्य कांग्रेसी भी शामिल थे। यह सभी कांग्रेसी जिले के अफसरों से मिलकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग के लिए निकलने की तैयारी में थे। इससे पहले ही भूधर नारायण मिश्रा को कानपुर में उनके आवास में ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। वहीं जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी को उनके घर में पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। उधर, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा के घर पहुंची पुलिस ने उनके समर्थकों के साथ कोतवाली ले गई।
गिरफ्तार कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने बताया कि मकबरा में तोड़फोड़ व भगवा झंडा फहराने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए जिले के अधिकारियों से मुलाकात करने के लिए आज एक प्रतिनिधि मंडल जाना था। लेकिन इससे पहले ही प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों को पुलिस द्वारा अरेस्ट कर लिया गया है।
हाउस अरेस्ट के होने बाद जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी का आरोप है कि मकबरे को जबरन मंदिर बताकर भाजपाईयों ने भीड़ इकठ्ठा कर तोड़फोड़ की है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूक दर्शक बनकर देखते रहे। साथ ही नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार को दमनकारी और तानाशाही कहा है।
(Udaipur Kiran) / देवेन्द्र कुमार
