Uttar Pradesh

लाल किले पर आयोजित स्वतन्त्रता दिवस कार्यक्रम की साक्षी बनेंगी यूपी की 14 लखपति दीदियां

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हरी झण्डी दिखाकर बस को नई दिल्ली के लिए करते हुए।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने कैम्प कार्यालय से हरी झण्डी दिखाकर बस को नई दिल्ली के लिए किया रवाना

लखनऊ, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । देश की आज़ादी के राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न जनपदों से चयनित 14 लखपति दीदियां भी साक्षी बनेंगी। यह अवसर ना केवल उनके जीवन यात्रा की कहानी को सम्मानित करता है, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण महिलाशक्ति की आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है। यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अपने कैम्प कार्यालय 7 कालिदास मार्ग से 14 लखपति दीदियों को नई दिल्ली के लिए हरी झण्डी दिखाकर बस को रवाना करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आज विभिन्न उद्यमों में लगकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में भागीदारी को लेकर लखपति दीदियों में गहरा उत्साह है।

उन्होंने कहा कि इन 14 चयनित लखपति दीदियों के साथ उनके पति या एक सहयोगी भी दिल्ली यात्रा पर रवाना किया गया। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े दो विशेष प्रतिनिधि भी टीम के साथ गये हैं।

श्री मौर्य ने उत्तर प्रदेश की लखपति दीदियों को ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतन्त्रता दिवस समारोह मे सम्मिलित होने के आमन्त्रण के लिये प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। लखपति दीदियों को नई दिल्ली रवाना करने से उप मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों से संवाद करते हुये उनसे अनुभव व विचार साझा किये तथा उन्हें लखपति बनने पर सम्मान पत्र व अंगवस्त्र भेंट किया। लखपति दीदियों को बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि यह दीदियां स्वंय सहायता समूहों की महिलाओं के लिये प्रेरणास्रोत हैं, इनसे प्रेरणा लेकर अन्य दीदियां भी लखपति दीदी की श्रेणी में आने का प्रयास करेंगी। उन्होंने लखपति दीदियों के साथ यहां पर तिरंगा यात्रा भी निकाली। 14 अगस्त को ये महिलाएं दिल्ली में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भ्रमण करेंगी।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दीदियों की यात्रा, ठहराव एवं अन्य व्यवस्थाएं नियमानुसार और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करें, उन्हे किसी प्रकार की परेशानी न होने पाये। इन दीदियों की यह भागीदारी नारी सशक्तिकरण, सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की भावना को एक नई ऊंचाई देगी। लखपति दीदियों की इस समारोह मे ऐतिहासिक भागीदारी होगी।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की जो दीदियां विशेष अतिथि के रूप में दिल्ली के स्वतन्त्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिये गयी हैं, उनमें हरदोई से ममता जौहर, झांसी से निशा देवी, सुल्तानपुर से ललिता मौर्य, देवरिया से रेणु देवी, लखीमपुर खीरी से उमा देवी, रुचि वर्मा, सुनीता देवी, फतेहपुर से कांति देवी, लक्ष्मी देवी, मीरजापुर से शशिबाला सोनकर, राखी कृष्णा सिंह, संतकबीर नगर से विंद्रावती देवी व संतोषी देवी तथा सोनभद्र से निर्मला देवी शामिल हैं।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top