
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में तिरंगा यात्रा की अगुवाई की
चंडीगढ़, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन शहीदों को नमन करने का दिन है, जिनके बलिदान की बदोलत हम सब खुली हवा में सांस ले रहे हैं। ऐसे मौके पर क्रांतिकारी वीरों और उन शहीदों को याद करें और साथ ही उनके परिवारों की चिंता करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कुरुक्षेत्र मे निकाली गई तिरंगा यात्रा की अगवाई की। भारी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया। हाथों में तिरंगा झंडा लिए यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाए। तिरंगा यात्रा अनाज मंडी पिपली से शुरू होकर नेशनल हाईवे को क्रॉस करते हुए कुरुक्षेत्र के पूजा मॉडल स्कूल तक निकाली गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का यह दिन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति के जज्बे और बलिदान की भावना को सच्ची श्रद्धांजलि देने का अवसर है। हम यहां तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन महान सपूतों को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने देश की रक्षा की और उन्हीं की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज उपस्थित सभी लोग इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से संकल्प लें कि वे देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा एकजुट खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वीर भूमि से लाखों जवान भारत माता की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
