Uttar Pradesh

बागी बलिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

डीएम के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा

बलिया, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में बलिया शहर में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। इस अवसर पर डीएम ने जनपदवासियों से अपने घरों व छतों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

देशभक्ति की भावना को जागृत करने एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान जाग्रत करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई। इसके बाद कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, शहीद पार्क चौक, रेलवे स्टेशन, चित्तू पाण्डेय चौराहा, रेलवे क्रॉसिंग, टीडी कॉलेज चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। तिरंगा यात्रा में जिले के समस्त पुलिस बल, समस्त विभाग के कर्मचारीगण एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे। यात्रा में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हाेंने हाथों में तिरंगा लेकर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान देशभक्ति गीतों की मधुर स्वराें ने माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।

तिरंगा यात्रा में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ जनपद के प्रशासनिक अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सुरक्षा सखियां, पुलिस मित्र, स्कूली बच्चे, सेवानिवृत्त सैनिक, होमगार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड्स, महिला स्वयं सहायता समूह, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन भी शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर जय हिंद और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों के साथ एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान बज रहे देशभक्ति गीतों और नारों ने आसपास के क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। इसमें आमजन ने भी प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा, एडीएम अनिल कुमार गुप्ता, सीएमओ संजीव वर्मन, सीआरओ त्रिभुवन सिंह आदि थे।

—————

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी

Most Popular

To Top