शिमला, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । देश के लोकतंत्र की रक्षा और भाजपा पर लगे वोट चोरी के आरोपों के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस पार्टी गुरूवार 14 अगस्त को पूरे देश में “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे के साथ केंडल मार्च निकालेगी। शिमला में यह केंडल मार्च प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में गुरूवार शाम 6:30 बजे शेरे पंजाब नाज से शुरू होकर रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक निकाला जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने जिलों में इस मार्च में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ जनता को जागरूक करना आज बेहद जरूरी है।
प्रतिभा सिंह ने निर्देश दिए हैं कि इस केंडल मार्च में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष, जिला और ब्लॉक के पदाधिकारी, अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारी तथा नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी का मामला उजागर करने के बाद भाजपा पूरी तरह बौखलाई हुई है और कांग्रेस किसी भी कीमत पर लोकतंत्र व संविधान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
