Assam

अहिल्याबाई होल्कर त्याग, सेवा और सुशासन की प्रतीक : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा द्वारा साझा तस्वीर।

गुवाहाटी, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को महान समाज सुधारक और मालवा साम्राज्य की शासिका अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन त्याग, सेवा और सुशासन की मिसाल है। वह न केवल नारी शक्ति की प्रेरणा थीं, बल्कि न्याय की मिसाल भी थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण और धर्म-संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने प्रशासन में पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता को अपनाकर शासन व्यवस्था को जनोन्मुख बनाया। उन्होंने सड़कों, घाटों, मंदिरों और सरायों का निर्माण कराकर समाज के सभी वर्गों के लिए सुविधा सुनिश्चित की। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने धैर्य, साहस और धर्मनिष्ठा के साथ शासन चलाया, जो आज भी आदर्श के रूप में याद किया जाता है।

डॉ. सरमा ने कहा कि उनका जीवन दर्शन और कार्यशैली वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और समाज में न्याय, समानता व सेवा भाव को स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का योगदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है और उनकी स्मृति सदैव अमर रहेगी।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top