

-चम्पारण सत्याग्रह के नाट्यरूप ‘निलही कोठी’ के लिए होंगे सम्मानित
पूर्वी चंपारण,13 अगस्त (Udaipur Kiran) ।जिला मुख्यालय मोतिहारी निवासी प्रसिद्ध रंगकर्मी व साहित्यकार प्रसाद रत्नेश्वर वर्ष 2025 के पं. राजकुमार शुक्ल शिखर सम्मान से सम्मानित होगे। इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए उनका चयन उनकी चर्चित नाट्य कृति पाँच मंचीय नाटकों का संग्रह ‘ निलही कोठी ‘ के लिए किया गया है।
उल्लेखनीय है,कि प्रसाद रत्नेश्वर का नाटक निलही कोठी चम्पारण में नील की खेती, अंग्रेज निलवरों द्वारा शोषण-अत्याचार,किसान आंदोलन,चम्पारण सत्याग्रह, गाँधी का आगमन,मुक्तिपर्व एवं वर्तमान परिदृश्य की नाट्य विधा में अनकही कथा को देश-दुनिया से परिचित कराने के लिए बिदेसिया लोकनाट्य शैली में लिखित है। इसका राष्ट्रीय स्तर पर कई बार मंचन हो चुका है।
साहित्यकार प्रसाद रत्नेश्वर को यह सम्मान 23 अगस्त को पटना के विद्यापति भवन में चम्पारण सत्याग्रह के सूत्रधार पंडित राजकुमार शुक्ल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में दिया जायेगा।समारोह का आयोजन पं. राजकुमार शुक्ल स्मृति संस्थान द्वारा किया गया है।
संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष राजेश भट्ट ने प्रसाद रत्नेश्वर से मिलकर उन्हें वर्ष 2025 का पं. राजकुमार शुक्ल शिखर सम्मान ग्रहण करने हेतु इस समारोह में आने का निमंत्रण दिया है। समारोह में बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय व राज्य सरकार मंत्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्य प्रबद्धजनों को देशभर से आमंत्रित किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार
