Madhya Pradesh

आगामी त्यौहार हर्षोल्लास से मनाये जाने के लिए करें समुचित तैयारियां: मुख्य सचिव

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों में विभिन्न विभागों की समीक्षा

– मुख्य सचिव जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर्स को दिये निर्देश

भोपाल, 12 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि प्रदेश में आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था को बनाये रखने के साथ जनजातीय कल्याण, नगरीय विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिकीकरण के लिए विशेष प्रयास किये जाये। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।

मुख्य सचिव जैन मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों में विभिन्न विभागों की समीक्षा कर जिला कलेक्टर्स को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कलेक्टर्स से कहा कि औद्योगिकीकरण, नगरीकरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाये। औद्योगिकीकरण से अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के हर क्षेत्र में जाकर यह काम कर रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए औद्योगिकीकरण के साथ नगरीकरण भी आवश्यक है। स्वास्थ्य व शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में कानून व्यवस्था संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाये। आगामी त्यौहार हर्ष व उल्लास के साथ मने, इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं की जायें।

मुख्य सचिव जैन ने कहा कि मिशन आदि-कर्मयोगी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं शुरू किया है। आदि-कर्मयोगी मिशन में सरकार के साथ समाज के क्षमता निर्माण की बात की जाती है। सेवा का भाव विकसित होता है। सेवा के भाव से ही आत्म संतोष प्राप्त होता है। शासकीय सेवकों को यह अवसर हमेशा उपलब्ध रहता है। सेवा से बदलाव की शुरूआत को लोग महसूस कर सकें, ये प्रयास किये जायें। सभी स्तरों पर जनजातीय समाज के लिए काम करने की जरूरत है।

बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव जे.एन. कंसोटिया ने भीड़ नियंत्रण, भगदड़ रोकने, अग्निकाण्ड रोकने संबंधी निर्देशों से कलेक्टर्स को अवगत कराते हुए कहा कि आयोजकों से संपर्क कर कार्यक्रमों की जिम्मेदारी तय की जाये। इस संबंध में शर्तों का कड़ाई से पालन कराया जाये।

जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा ने मिशन आदि-कर्मयोगी के विषय में बताया कि इसके माध्यम से शासकीय सेवकों में क्षमता निर्माण हो सकेगा। यह राज्य, जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर तक किया जायेगा। उन्होंने कलेक्टर्स से जिले में आदि-कर्मयोगी सेल बनाने तथा ग्राम स्तर पर आदि सेवा केंद्र तैयार किये जाने के निर्देश दिये, जिससे योजना का व्यावहारिक क्रियान्वयन हो सके।

नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने कलेक्टर्स से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में ऐसी भूमि आवंटित की जाये जिस पर बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जा सकें। इनमें पेयजल, टांसपोर्ट, सीवेज सुविधायें भी उपलब्ध हों। उन्होंने रेंटल हाउसिंग स्कीम, प्रधानमंत्री ई-बस के चार्जिंग स्टेशन, अमृत योजना तथा 36 फायर स्टेशन के लिए उपयुक्त भूमि आवंटन के निर्देश कलेक्टर्स को दिये। बैठक में गृह, नगरीय विकास एवं आवास और जनजातीय कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top