
हरिद्वार, 12 अगस्त (Udaipur Kiran) । सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि 1989 से महासभा धार्मिक कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी निर्णायक भूमिका निभा रही है।
देश एवं विदेश में महासभा सक्रिय रूप से ब्राह्मण समाज के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आरक्षण को लेकर ब्राह्मण समाज के प्रति सरकार को गंभीरता बरतनी चाहिए। राजस्थान की तर्ज पर 8 लाख से कम आय वाले ब्राह्मण समाज के लोगों को आरक्षण का लाभ दिया जाए। देश की अन्य जातियां भी आरक्षण का लाभ ले रही है।
उन्होंने कहा कि विशेष कर मंदिरों में पूजा पाठ का कार्य कर रहे पंडितों की आर्थिक स्थिति खराब है। सरकार को उनकी आर्थिक स्थिति पर भी नजर डालनी चाहिए। ब्राह्मण समाज सदैव परंपराओं का निर्वहन करने में योगदान बेहतर तरीके से प्रदान करता है।
उन्होंने कहा नवंबर माह में हरिद्वार में आयोजित किए जा रह अधिवेशन में ब्राह्मण समाज की विभिन्न समस्याओं पर विचार किया जाएगा। अधिवेशन में उत्तराखंड के मंदिरों में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने का मुद्दा प्रमुख होगा। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जल्द ब्राह्मण समाज की मांगों को लेकर भेंट वार्ता किए जाने की बात कही। महासभा के कार्यों में तेजी लाने के लिए उन्होंने पदाधिकारियों की घोषणा करते अरूणा शर्मा को महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष, पंडित पदम प्रसाद सुवेदी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, पंडित कपिल शर्मा को छात्र सभा प्रदेश अध्यक्ष व महंत शुभग को प्रदेश प्रवक्ता, पंडित हितेश गौड़ को संस्कृति प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की।
प्रदेश अध्यक्ष डा.राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सर्व ब्राह्मण महासभा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अध्यनरत 85 प्रतिशत अंक लाने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए योगदान देगी। इस दौरान अरुणा वशिष्ठ, रचना शर्मा, डा.संध्या शर्मा, अरुणा शर्मा, नीलम मिश्रा, रचना शर्मा आदि ने भी विचार रखे।
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
