Uttar Pradesh

लखनऊ में ‘तिरंगा रन’ ने भरी देशभक्ति की उड़ान, लोक कलाकारों और संगीत ने बढ़ाया उत्साह

लखनऊ में ‘तिरंगा रन’ के दाैरान लोक कलाकार प्रस्तुति देते हुए
लखनऊ में ‘तिरंगा रन’ निकालते लाेग

लखनऊ, 12 अगस्त (Udaipur Kiran) । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत लखनऊ ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय केन्द्र की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज और उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजातीय संस्कृति संस्थान लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘तिरंगा रन’ का आयोजन किया गया।

यह ‘तिरंगा रन’ यात्रा प्रातः 10 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज के प्रांगण से देशभक्ति के नारों और तिरंगे की लहराती छटा के साथ प्रारंभ हुई। कॉलेज परिसर से निकलकर यात्रा पुरनिया और ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय केन्द्र अलीगंज से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में समाप्त हुईं। इस आयोजन में सैकड़ों युवा, छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक एवं विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए। हाथों में तिरंगा, चेहरे पर मुस्कान, और दिल में मातृभूमि के प्रति प्रेम—युवाओं के कदम पूरे शहर को देशभक्ति से सराबोर कर रहे थे। यह दृश्य अपने आप में ऐसा था, जिसने हर दर्शक को गर्व और उत्साह से भर दिया। पूरे मार्ग पर उपस्थित नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों ने तिरंगा लहराकर प्रतिभागियों का स्वागत किया और देशभक्ति के गीतों के साथ कदमताल मिलाई।

लोक कलाकारों ने सजाई देशभक्ति की रंगोली

विशेष आकर्षण के रूप में धोबिया लोक गायक और नृत्य कलाकार इस यात्रा के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। ढोलक की थाप और झांझ की गूंज के बीच वे देशभक्ति गीत गा रहे थे, जिनमें गांव की मिट्टी की खुशबू और भारत के गौरव की महक दोनों शामिल थीं। उनका प्रदर्शन न केवल प्रतिभागियों को ऊर्जा दे रहा था, बल्कि मार्ग में खड़े दर्शकों को भी झूमने पर मजबूर कर रहा था। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष निरंतर गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

ऑडिटोरियम में यात्रा के समापन पर प्रसिद्ध संगीतकार अभिषेक श्रीवास्तव ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से माहौल को और भी जीवंत बना दिया। उनकी गायकी में ओज और माधुर्य का ऐसा संगम था जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति के दिल को छू लिया। मंच के सामने खड़े युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी उनके गीतों पर झूमते रहे और तिरंगा लहराते रहे।

ललित कला अकादेमी क्षेत्रीय केन्द्र के क्षेत्रीय सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं है, यह हमारी आज़ादी, हमारी एकता और हमारे गर्व का प्रतीक है। हम चाहते हैं कि इस अभियान के माध्यम से हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराए और अपने अंदर राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करे। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत ललित कला अकादेमी, क्षेत्रीय केंद्र अलीगंज में चित्रकला शिविर, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय कला, संस्कृति और इतिहास से अवगत कराना है।

मुख्य अतिथि उप्र संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने कहा कि इस आयोजन में विभिन्न पृष्ठभूमि और आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और एकजुटता में है। कार्यक्रम ने यह भी दर्शाया कि सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी में आसानी से रोपा जा सकता है।

प्रो. रश्मि बिश्नोई,प्राचार्य नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय गर्ल्स पीजी कॉलेज लखनऊ ने कहा कि आज का दिन न केवल ‘तिरंगा रन’ की सफलता का गवाह बना, बल्कि यह भी साबित किया कि जब लोग एकजुट होकर किसी उद्देश्य के लिए आगे बढ़ते हैं, तो वह उद्देश्य अवश्य पूरा होता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने लखनऊ में एक नई लहर पैदा की है—देशभक्ति की और गर्व की।

‘हर घर तिरंगा’ के संदेश का प्रसार

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक दौड़ का आयोजन करना नहीं था, बल्कि लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना भी था एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 2 अगस्त से 15 अगस्त 2025 के मध्य अपनी तस्वीर harghartiranga.com पर अपलोड करें।

इस अवसर पर पुलिस विभाग, चिकित्सा दल और कलाकारों ने उत्कृष्ट सहयोग प्रदान किया। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे, जिससे कार्यक्रम बिना किसी अवरोध के सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एक साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रगान गाया और यह प्रण किया कि वे 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएंगे, जिससे यह संदेश हर गली, हर मोहल्ले और हर दिल तक पहुंचे।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त जितेंद्र द्विवेदी, विभा सिंह, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी अतुल द्विवेदी, निदेशक उत्तर प्रदेश जनजाति कल एवं संस्कृति संस्थान लखनऊ डॉ. शोभित नाहर, निदेशक उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी सहित क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के कलाकार, अधिकारी, कर्मचारी, गर्ल्स पीजी कॉलेज के शिक्षक कर्मचारी एवं विद्यार्थी एवं नगर के कलाकार एवं कलाकार प्रेमी उपस्थित रहे। इसी तरह प्रदेश के कई जिलों में आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत ‘तिरंगा रन’ एवं अन्य कार्यक्रम के आयोजन किए गए।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top