Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त : केशव प्रसाद मौर्य

सदन में बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य

कानून व्यवस्था पर सपा ने विधान परिषद से किया वॉक आउट

लखनऊ, 12 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार काे विधान परिषद में समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने कानून व्यवस्था का मुद्दा सदन में उठाया। इस पर नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया। जवाब से संतुष्ट न होने पर सपा सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया।

विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, जनता ने राहत की सांस ली है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपराधियों, माफियाओं का बोलबाला था। सपा के शासन में अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होती थी। वर्तमान में प्रदेश की कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है। अपराध होता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होती है।

विधान परिषद में कानून व्यवस्था का मसला सपा की तरफ से उठाए जाने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था। मुख्यमंत्री आवास तक में अपराधियों की पैठ थी। सपा के समय में यूपी में भय का वातावरण था। 2017 के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी अहंकार के आकाश पर चढ़ गई थी। जनता को लगा कि सपा सरकार आएगी तो फिर से वही स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। सपा की मनोरथ पूरे होने वाले नहीं हैं। सपा डूबती हुई नाव है। 2017 में जो हुआ वहीं 2027 में होगा। भ्रष्टाचारी, अपराधियों को राजनीति में आगे लाने का काम सपा ने किया। सपा के शासनकाल में कोई भी पर्व त्यौहार सकुशल संपन्न नहीं होते थे। फर्जीवाड़े की हवा निकल चुकी है। हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में कमल खिला है। 2027 में गरीबों के उत्थान के लिए फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

इससे पूर्व नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि यूपी में रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। यूपी में अपराध का ग्राफ अन्य प्रदेशों से आगे हैं। महिला उत्पीड़न की घटनाएं उत्तर प्रदेश में बढ़ी हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सबसे अधिक आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। जीरो टॉलरेंस की नीति कहां है। कागजों पर यूपी में कानून व्यवस्था अच्छी है। थाना व तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं।

वहीं सदस्य किरणपाल कश्यप ने कहा कि अधिकारी बेलगाम है। कानून व्यवस्था फेल है। गरीबों की जमीन पर कब्जा हो रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ट्यूबवेल की केबल व ट्रांसफार्मर चोरी हो रहे हैं। प्रदेश में ओबीसी के अधिकारों का हनन हो रहा है। प्रदेश सरकार सो रही है और पूरा प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त है।

सदस्य मुकुल यादव ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। दिन प्रतिदिन अपराधी घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रतिदिन 10 हत्या व नाै रेप की घटनाएं हो रही हैं। दलितों पर अत्याचार, हिरासत में हत्या, घरेलू हिंसा में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। कानून व्यवस्था जंगल राज में तब्दील होती जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top