HimachalPradesh

भाजपा ने पांवटा साहिब में निकाली तिरंगा यात्रा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नाहन, 11 अगस्त (Udaipur Kiran) । आजादी की 78वीं वर्षगांठ पर भाजपा पूरे हिमाचल प्रदेश में सभी विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाल रही है। इसी कड़ी में सोमवार को पांवटा साहिब में पूर्व ऊर्जा मंत्री व विधायक सुखराम चौधरी की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

यह यात्रा पांवटा साहिब विश्राम गृह से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शहीद स्मारक तक पहुंची, जहां शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए।

मीडिया से बातचीत में विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि आजादी के 78 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। पांवटा के दोनों भाजपा मंडलों द्वारा भी यह आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज हर वर्ग का व्यक्ति हाथ में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दे रहा है। यह तिरंगा उन लाखों वीरों की याद में लहराया जा रहा है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

सुखराम चौधरी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है, जिसे हर भारतीय गर्व से लहराता है।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top