HEADLINES

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रायसेन जिले के उमरिया में किया ब्रह्मा परियोजना का भूमिपूजन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मप्र में रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग इकाई का किया शिलान्यास

भोपाल/रायसेन, 10 अगस्‍त (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश में रायसेन जिले के उमरिया गांव के दशहरा मैदान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को ब्रह्मा परियोजना का भूमिपूजन किया। 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर 1800 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली ब्रह्मा परियोजना (बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग) से भोपाल, रायसेन, सीहोर और विदिशा आदि जिले तो लाभान्वित होंगे ही, इन जिलों के तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र का केंद्र बनने के लिए जो गुण चाहिए, वो मध्य प्रदेश के पास है। सभी संसाधन यहां मौजूद हैं। मध्य प्रदेश पूरे हिंदुस्तान में देश के हृदय प्रदेश के रूप में जाना जाता है। आज 1800 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना का भूमिपूजन यहां हुआ है। इसके निर्माण के बाद 5 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। आगे भी रक्षा क्षेत्र के माध्यम से जो भी हो सकेगा, मैं सदैव तैयार रहूंगा।

उन्‍होंने कहा कि यहां रेल डिब्बों का निर्माण तो होगा ही, रेलवे के अलग-अलग उत्पाद भी बनाए जाएंगे। दो साल के भीतर इसका काम पूरा हो जाएगा। इससे आसपास के क्षेत्र का भी विकास होगा। देशभर की सभी तेज गति वाली ट्रेनों में मध्य प्रदेश में बनने वाले रेलवे कोच लगेंगे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था आज दुनियाभर में सबसे तेज गति करीब साढ़े 6 फीसदी की दर से बढ़ रही है। उद्योग धंधों के मामलों में मध्य प्रदेश भी काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 30 लाख करोड़ से अधिक का निवेश मध्‍य प्रदेश को मिला है। मध्य प्रदेश सरकार ने 18 हजार हेक्टेयर का भूमि बैंक तैयार किए हैं। कनेक्टिविटी की बेहतर सुविधा भी मुहैया कराई गई है।

कार्यक्रम में मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रभारी नारायण सिंह पंवार, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा आदि मौजूद रहे।———–

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top