
काकीनाडा, 9 अगस्त (Udaipur Kiran) । 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप – डिवीजन ‘ए’ के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शनिवार को हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले क्वार्टर फाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 4-1 से हराया। हरियाणा की ओर से काजल (2′), सुप्रिया (27′) और कप्तान साशी खासा (36′) ने गोल किए, जबकि अंतिम मिनट में सावी (60′) ने एक और गोल दागा। ओडिशा के लिए अमीषा एक्का (47′) ने एकमात्र गोल किया।
दूसरे मुकाबले में छत्तीसगढ़ हॉकी ने हॉकी मध्य प्रदेश को 1-1 की बराबरी के बाद शूटआउट में 2-1 से मात दी। छत्तीसगढ़ के लिए यशोदा (2′) ने शुरुआती गोल किया, जबकि मध्य प्रदेश की ओर से हुडा खान (15′) ने बराबरी दिलाई। शूटआउट में कप्तान रुखमणी ने दोनों प्रयास सफलतापूर्वक पूरे कर टीम को जीत दिलाई।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी झारखंड ने हॉकी पंजाब को 3-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। पंजाब के लिए पवनप्रीत कौर (6′) ने पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया, लेकिन झारखंड की स्वीटी दुंगदुंग (7′) ने तुरंत बराबरी कर दी। इसके बाद शांति कुमारी (22′) और रोशनी ऐंद (46′) ने गोल कर जीत पक्की कर दी।
दिन के अंतिम मुकाबले में उत्तर प्रदेश हॉकी ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराया। तीसरे क्वार्टर में सलू पुख्रमबम (36′) ने यूपी को बढ़त दिलाई, लेकिन महाराष्ट्र की दीक्षा नितिन शिंदे (45′) ने बराबरी कर दी। अंतिम क्वार्टर में रश्मि पटेल (55′) ने पेनल्टी कॉर्नर पर विजयी गोल दागा।
———–
(Udaipur Kiran) दुबे
