
रांची, 08 अगस्त( हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के सारंडा स्थित जंगली – पहाड़ी क्षेत्र में चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (आईईडी) विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के दोनों घायल जवानों को हेलीकाप्टर से रांची लाया गया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से राज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों जवानों की स्थिति स्थिर है। घायल जवानों में सीआरपीएफ कोबरा 209 बटालियन के हवलदार रामप्रवेश और छोटू कच्छप शामिल हैं।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि झारखंड पुलिस (चाईबासा पुलिस) और कोबरा बटालियन की टीम नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चला रही थी। अभियान के क्रम में सारंडा के जंगली- पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों की ओर से सुरक्षा बलों को लक्षित करके आईईडी ब्लास्ट किया गया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा 209 बटालियन के दो जवान जख्मी हो गए हैं। दोनों को राज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
