

रांची, 8 अगस्त (Udaipur Kiran) । झारखंड आंदोलनकारी शहीद निर्मल महतो के 38 वें शहादत दिवस पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से सोनाहातु जाडे़या मोड़ में शुक्रवार को बाइक रैली निकाली गई और प्रतिमा का अनावरण किया गया।
पार्टी के अध्यक्ष जयराम महतो ने देवेंद्रनाथ महतो और भूमि दाता करम सिंह महतो के साथ प्रतिमा का अनावरण किया।
मौके पर जयराम महतो ने कहा कि जिस तरह से देश की आजादी में भगत सिंह की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता है। ठीक उसी तरह से झारखंड आंदोलन में शहीद निर्मल महतो को भुलाया नहीं जा सकेगा। उनकी शहादत ने झारखंड में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के कथनानुसार आप जब सदन में सवाल पूछते हैं। तब सरकार को तकलीफ़ होती है। सरकार जवाब देने की जिम्मेदारी से पीछे हटती है।
जयराम महतो ने कहा कि 27 नवंबर को भकुवाडीह मोड़ सोनाहातू में बुली महतो के आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मौके पर मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि शहीदों की कभी मृत्यु नहीं होती है। उनकी सोच और विचार हमेशा लोगों के बीच में जीवित रहता है।
इस दौरान भारी बारिश के बावजूद ग्रामीणों काफी भीड़ दिखी। इसके पूर्व बाइक रैली निकाली गई जो झारखंड मेला मैदान सोनाहातु से शुरू होकर पुराना ब्लॉक ऑफिस पहुंचा। फिर थाना मैदान, जामुदाग मोड एवं तेलवारी मोड़ होते हुए कार्यक्रम स्थल जाडेया मोड़ तक पहुंची। कार्यक्रम में फुलेश्वर बैठा, दमयंती मुंडा, मनोज यादव, गुना भगत, बिहारी महतो, विनोद स्वांसी, समुद्र पाहन, लीलावती देवी पंचम एक्का सहित अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
