
राजगढ़,8 अगस्त (Udaipur Kiran) । देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारिया में शुक्रवार दोपहर सरकारी कुएं में 48 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला, जो बीते रोज बिना बताए घर से गायब हो गया था। वहीं बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रनावा में कांकड स्थित कुएं में 26 वर्षीय युवक का शव मिला, जो पिछले तीन दिन से बिना बताए घर से गायब था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
देहात ब्यावरा थाना पुलिस के अनुसार ग्राम कचनारिया स्थित कुएं में रामगोपाल (48)पुत्र भंवरलाल जाटव का तैरता हुआ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि व्यक्ति दिमागी तौर पर कमजोर था वह हर कभी बिना बताए घर से गायब हो जाता था। कुछ माह पहले गांव के तालाब में कूद गया था। व्यक्ति किन हालातों में कुएं में गिरा, इसका वास्तविक पता नही लग सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
इधर बोड़ा थाना पुलिस के अनुसार ग्राम रनावा निवासी जितेन्द्र (26) पुत्र बृजमोहन मीना का गांव की कांकड़ स्थित कुएं में तैरता हुआ शव मिला, जो पिछले तीन दिन से बिना बताए गायब था। परिजनों का कहना है कि युवक पहले भी बिना बताए तीन-चार दिन के लिए घर से गायब हो जाता था। युवक की मौत किन हालातों में हुई, इसका वास्तविक पता नही लग सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
