Chhattisgarh

कलेक्टर ने स्कूल और लोकसेवा केंद्र का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

लोकसेवा केंद्र ग्राम कुकरेल का किया निरीक्षण करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा।

धमतरी, 6 अगस्त (Udaipur Kiran) । छत्‍तीसगढ़ के धमतरी ज‍िले के कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम कुकरेल प्राथमिक शाला एवं लोकसेवा केंद्र का निरीक्षण किया। सबसे पहले वे प्राथमिक शाला पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य की स्थिति एवं पुस्तकालय का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और समझ की जानकारी ली और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने हेतु प्रोत्साहित किया।

इसके उपरांत कलेक्टर अबिनाश मिश्रा स्कूल के समीप स्थित लोकसेवा केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र में दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। सेवा केंद्र के कर्मचारियों ने बताया कि यहां शासकीय योजनाओं से जुड़े दस्तावेज़ों के अलावा होम लोन, वाहन बीमा जैसे नागरिक सेवाएं भी प्रदान की जाती हैं।

निरीक्षण के दौरान सेवा केंद्र में उपस्थित महिलाओं से कलेक्टर ने संवाद किया। बाजारकुर्रीडीह निवासी सुनीता ध्रुव, जो अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाने आई थी। महिला से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने उनके जीवन-यापन और योजनाओं के लाभ संबंधी जानकारी ली। सुनीता ने बताया कि वह किसान है, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं हो रही है। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि से तत्काल समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत राशि नहीं मिलने की शिकायत करने वाली भुवनेश्वरी नामक महिला से भी कलेक्टर ने बात की। लोकसेवा केंद्र कर्मियों ने बताया कि उनका आधार बैंक खाते से सीड नहीं है, जिसके कारण राशि अटकी हुई है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोकसेवा केंद्रों की सेवाओं को और बेहतर बनाते हुए आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिले, यह प्राथमिकता होनी चाहिए।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top