Assam

पूरे मणिपुर सुरक्षा बल एवं पुलिस ने तेज किया अभियान; कई गिरफ्तारियां हुईं

मणिपुर में गश्त लगाते सुरक्षा कर्मी। फोटो फाइल

इंफाल, 06 अगस्त (Udaipur Kiran) । हिंसा प्रभावित मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले दो दिनों में राज्य भर में उग्रवादियों, हथियार तस्करों और वाहन चोरों के विरूद्ध सघन अभियान चलाते हुए कई गिरफ्तारियां की हैं।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार बीते मंगलवार को प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप (केवाकेएल) के एक सक्रिय कार्यकर्ता, जिसकी पहचान इंफाल पश्चिम जिले के फुमलोउ केइरोई मानिंग लेइकाई निवासी सागोलसेम हेमंत सिंह (41) के रूप में हुई है, को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, सिंह प्रतिबंधित समूह के लिए कार्यकर्ताओं की भर्ती में शामिल था। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

उसी दिन, सुरक्षाकर्मियों ने इंफाल पश्चिम के लाम्फेल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत लाम्फेल याइफा लेइकाई में एक किराए के मकान से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी {केसीपी – (सैन्य और विदेशी संपर्क} के सदस्य नाओबी लेइशांगथेम (33) उर्फ यूहेनबा को गिरफ्तार किया। वह कथित तौर पर जबरन वसूली, मध्यस्थता और आपराधिक मामलों (महिलाओं के खिलाफ अपराधों सहित) के अवैध निपटारे में शामिल था। उसके कब्जे से एक मोबाइल हैंडसेट और आधार कार्ड बरामद किया गया।

बीते 4 अगस्त को किए गए एक अलग अभियान में, इंफाल पूर्व के विभिन्न हिस्सों से दो संदिग्ध हथियार तस्करों को पकड़ा गया। हुइड्रोम अवांग लेइकाई के निंगोमबाम अबुंग मैतेई (50) को पौराबी हिदुंबी से गिरफ्तार किया गया, जबकि केइबी खुलेन माखा लेइकाई के निंगथौजम कोनुंगजाओ मैतेई (33) को उसके आवास से पकड़ा गया। सुरक्षा बलों ने उनके पास से एक मैगजीन के साथ एक 9 मिमी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, अभियान के दौरान एक वेस्पा स्कूटर, दो मोबाइल फ़ोन और एक आधार कार्ड ज़ब्त किया गया।

पुलिस ने कहा कि जबरन वसूली को जड़ से खत्म करने के लिए राज्य भर में खुफिया जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान और घेराबंदी अभियान चलाए जा रहे हैं। रैकेट और आपराधिक गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। हाल ही में हुई गिरफ्तारियों की जांच चल रही है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top