Madhya Pradesh

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा भारतः के.साईं रेड्डी

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

भोपाल, 5 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा। हमारा लक्ष्य भारत को विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बनाना है। किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) पांडवों की तरह मिलकर चलें, तो निश्चित रूप से प्रगति करेंगे। हम देश के एक लाख गांवों तक जाने के लिए प्रयासरत हैं। भारतीय किसान संघ गांव और किसानों की उन्नति के लिए कार्य कर रहा है।

रेड्डी मंगलवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में राज्य कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण संस्था में ‘समृद्ध एफपीओ-आत्मनिर्भर किसान-विकसित भारत’ संकल्प के अंतर्गत किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) फेडरेशन मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित एफ.पी.ओ. डायरेक्टर समिट-2025 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ कर संबोधित किया।

प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं: कृषि मंत्री कंषाना

राज्य के कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मध्य प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है। जब प्रदेश का किसान समृद्ध होगा, तो देश समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है, लेकिन डीएपी की थोड़ी कमी है, जिसकी व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश में 14 लाख मैट्रिक टन यूरिया और 12 लाख मैट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। सरकार 10 लाख मैट्रिक टन यूरिया किसानों को बांट चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों पर भगवान श्रीराम की कृपा है। प्रदेश में पर्याप्त वर्षा हो रही है। बाढ़-बारिश से हुए नुकसान के लिए राज्य सरकार किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करेगी।

एफपीओ को फसल और उत्पादों की मार्केटिंग के लिए निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकताः कुलकर्णी

समिट में भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि भगवान श्रीबलराम को आदर्श मानकर हम किसानों को समृद्ध बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। विकसित भारत का सपना, सबका साथ सबके विकास से ही पूर्ण होगा। किसानों को समृद्ध करना होगा, जिसमें एफपीओ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। केंद्र सरकार ने देश के सभी एफपीओ को आगे बढ़ाने की योजना बनाई है। एफपीओ को फसल और उत्पादों की मार्केटिंग के लिए निरंतर प्रशिक्षण प्रदान करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ ने एफपीओ को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर माही फेडरेशन और छह राज्यों में राज्य स्तरीय फेडरेशन बनाए हैं, जिनमें से मध्य प्रदेश में मालवम फेडरेशन है। कार्यक्रम में कृषि विभाग के सचिव निशांत बरवड़े, के. कुमार स्वामी (हुबली), कमल सिंह, महेश सहित किसान संघ के कैलाश सिंह ठाकुर, नारायण यादव, घनश्याम पाटीदार, कमल पाटीदार, सूरज सिंह ठाकुर, अतुल महेश्वरी और बड़ी संख्या में एफपीओ के संचालकगण उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top