Uttrakhand

भारी वर्षा के चलते जनपद में जल प्लावन की स्थिति

हरिद्वार, 5 अगस्त (Udaipur Kiran) । पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार भारी वर्षा ने पंचपुरी सहित पूरे हरिद्वार जनपद को जलमग्न कर दिया है। पंचपुरी हरिद्वार में सबसे ज्यादा खराब स्थिति भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक, आवास विकास कालोनी की बनी हुई, जल भराव के कारण वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। वाहनों को लंबा चक्कर काट कर जाना पड़ रहा है।

जिला प्रशासन जल निगम व नगर निगम के लाख प्रयासों के बावजूद जल भराव की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है। गढ़वाल मंडल में हो रही भारी वर्षा के चलते गंगा का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। भीमगोडा बैराज से अतिरिक्त पानी नीलधारा में छोड़ दिए जाने के कारण इसके तटवर्ती गांव श्यामपुर कांगड़ी, गाजी वाली में भूमि का कटाव हो रहा है। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई। लक्सर क्षेत्र में भी गांवों का ऐसा ही हाल है। कई गांव संपर्क मार्गों के टूट जाने से अलग थलग पड़ गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में जनपद में सर्वाधिक वर्षा रोशनाबाद में 95 मिमी रिकॉर्ड की गई है, जबकि हरिद्वार में सबसे कम 42 मिमी रुड़की में 50 मिमी भगवानपुर में 58 मिमी तथा लक्सर में 85 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है।

नगर के अन्य क्षेत्रों में भूपतवाला, दुर्गा नगर, मुखिया गली, नई बस्ती आदि में वर्षा का पानी कई-कई फुट तक भर गया है। नगर के मध्य बहने वाली ललतारो नदी भी अपने पूरे जोर-शोर से बह रही हैं। रात्रि में ललतारों नदी का पानी श्रवणनाथ नगर, बैरागी बस्ती, बिल्वकेश्वर कॉलोनी में भर गया, जिससे लोगों का काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले 24 घंटे तक यही स्थिति भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है, जिसको देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट मोड में है और सभी विभाग अपने स्तर पर व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top