Jharkhand

शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब

आवास में जुटे गुरुजी के चहेते

रांची, 4 अगस्त (Udaipur Kiran) । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर सोमवार को जैसे ही उनके रांची स्थित मोरहाबादी आवास लाया गया, वहां माहौल भावुक और गमगीन हो गया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, आम नागरिक और विभिन्न दलों के नेता गुरूजी के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।

गुरुजी अमर रहें सहित अन्य नारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धा और सम्मान से भरे इस दृश्य में हर किसी का चेहरा गमगीन और आंखें नम थीं।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख स्तंभ रहे। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और झारखंडी पहचान के लिए दशकों तक संघर्ष किया।

मौके पर मौजूद झामुमो के कार्यकर्ता ने भावुक होते हुए कहा कि आज अगर झारखंड एक राज्य के रूप में स्थापित है, तो उसका श्रेय गुरुजी को जाता है। उन्होंने झारखंड के लोगों को हक और पहचान दिलाई।

वहीं गुरुजी के अंतिम दर्शन के लिए झामुमो के कार्यकर्ता, विधायक, सांसदों के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेता भी पहुंचे। राजनीतिक सीमाएं आज टूट गईं और हर दिल में सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा था गुरुजी शिबू साेेेेेरन।

डूंगरी निवासी आनंद विजय नायक ने कहा कि हमने अपने अभिभावन को खो दिया। यह पल अंदर से कचोट रहा है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

रमेश गोप, इलियास, छोटू सहित अन्य हजारों लोगों ने दुख प्रकट किया।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top