WORLD

कैलास मानसरोवर जाने वाले भारतीय श्रद्धालुओं के लिए नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग

नेपाल और चीन के अधिकारियों के बीच बैठक

काठमांडू, 2 अगस्त (Udaipur Kiran) । नेपाली अधिकारियों ने चीन के साथ हुई सीमा सुरक्षा बैठक में कैलास मानसरोवर जाने वाले भारतीय श्रद्धालुओं के लिए नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की है।

चीन के सीमावर्ती शहर झाँगमू में शनिवार को हुई सीमावर्ती जिलों के सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में नेपाल के रास्ते मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले भारतीय यात्रियों की समस्याओं से चीनी पक्ष को अवगत कराया गया। नेपाली पक्ष का नेतृत्व सिन्धुपालचोक जिले के प्रमुख जिला अधिकारी किरण थापा ने किया। थापा ने बताया कि मानसरोवर यात्रा के दौरान भारतीय श्रद्धालुओं को ई-वीजा में हो रही देरी को लेकर भी नेपाली पक्ष की तरफ से इस बैठक में चर्चा की गयी।

चीन ने इस वर्ष नेपाल के रास्ते 20,000 भारतीय यात्रियों को कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर आने की अनुमति दी है। चीन की सीमा से कैलाश मानसरोवर तक की यात्रा के लिए नियमित बस सेवा शुरू करने को लेकर भी चीनी पक्ष से आग्रह किए जाने की जानकारी प्रमुख जिला अधिकारी थापा ने दी है। उन्होंने बताया कि बस सेवा का नियमित संचालन नहीं होने से मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को घंटों तक सीमा क्षेत्र में इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा भारतीय यात्रियों को ई-वीजा लेने में भी काफी समय लगने की भी समस्या से चीनी पक्ष को अवगत कराया गया। इस पर चीनी अधिकारियों ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए इस समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

————–

(Udaipur Kiran) / पंकज दास

Most Popular

To Top