CRIME

मकान बेचने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या

मकान बेचने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम।

मुरादाबाद, 02 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र स्थित होली का मैदान के पास शुक्रवार देर रात मकान बेचने के विवाद में एक युवक देव ठाकुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आराेप भाजपा के क्षेत्रीय पार्षद कुलदीप नारायण सिंह के भाई हरिओम सिंह और भतीजे मोनू पर लगाया है।

आरोप है कि देव ठाकुर अपने चाचा और ताऊ से मकान बेचने को लेकर विवाद कर रहा था। आरोपितों ने उसे शांत रहने को कहा तो वह उनसे भिड़ गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में आज आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

कटघर के होली का मैदान निवासी देव ठाकुर उर्फ देवू (20) हरिद्वार में रेलवे स्टेशन पर कैंटीन में काम करता था। उसकी बीमार मां ऋषिकेश स्थित अस्पताल में भर्ती है। पिता गोविंद सिंह और भाई विष्णु ठाकुर की मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर कटघर संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात्रि 11 बजे देव हरिद्वार से आया और चाचा श्याम सिंह व ताऊ मुनमुन से अपने हिस्से के मकान को बेचने की बात कर रहा था। इसी बीच देव और श्याम के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच गाली गलौज होने लगा। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान वहां पड़ोस में रहने वाले रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी हरिओम सिंह और उनका बेटा मोनू आ गया। उन्होंने श्याम सिंह का पक्ष लेते हुए देव को शांत होने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान देव उनसे भिड़ गया। इसी बीच पिता-पुत्र अपने घर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर आ गए। उन्होंने देव पर हमला बोल दिया। परिवार के अन्य लोग भी आ गए। उन्होंने मिलकर देव की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद मौके पर भीड़ जुटी तो आरोपित भाग गए।

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ कटघर आशीष प्रताप सिंह, कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top